अब्दुल्ला अख़्तर
सवारी बैठाने को लेकर विवाद: मारपीट और जान से मारने की धमकी के विरोध में तहसील रोड पर किया प्रदर्शन
छिबरामऊ (कन्नौज): नगर में प्राइवेट बस संचालकों और उनके एजेंटों की कथित गुंडागर्दी से त्रस्त ऑटो चालकों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। बस यूनियन के लोगों द्वारा लगातार की जा रही अभद्रता और मारपीट से आक्रोशित दर्जनों ऑटो चालकों ने शुक्रवार को तहसील रोड पर अपने वाहन खड़े कर जोरदार प्रदर्शन किया। चालकों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सवारी बैठाने की होड़ में छिड़ रही रार
मामला छिबरामऊ से सौरिख मार्ग का है। स्थानीय ऑटो चालकों का कहना है कि वे सौरिख कस्बे तक सवारियां ढोते हैं, जबकि प्राइवेट बसें छिबरामऊ से औरैया जनपद के बेला-बिधूना तक चलती हैं। आरोप है कि सवारियों को बैठाने की होड़ में बस संचालक और उनके गुर्गे अक्सर ऑटो ड्राइवरों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। दबंगई का आलम यह है कि ऑटो चालकों को डरा-धमकाकर काम बंद करने पर मजबूर किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारी चालकों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि बस एजेंट आए दिन उन्हें धमकी देते हैं। चालकों का आरोप है कि बस संचालक बाहरी युवकों को बुलाकर ऑटो चालकों की पिटाई करवाते हैं, सवारी बैठाने पर खुलेआम ‘गोली मारने’ की धमकी दी जाती है, दहशत के कारण कई चालकों ने ऑटो निकालना बंद कर दिया है, जिससे उनके सामने परिवार के भरण-पोषण और वाहन की किश्त (EMI) भरने का संकट खड़ा हो गया है।
तहसील रोड पर विरोध प्रदर्शन करने के बाद सभी ऑटो चालक कोतवाली पहुंचे। वहां उन्होंने शिकायती पत्र देकर पुलिस को पूरी स्थिति से अवगत कराया। चालकों ने दोटूक कहा कि यदि इन दबंग एजेंटों पर नकेल नहीं कसी गई, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
लेटेस्ट न्यूज़
मानवीय संवेदनाओं के साथ कर्तव्य का पाठ पढ़ा रहे इटावा के टीएसआई सूबेदार सिंह
March 1, 2026
10:42 pm
अज्ञात वाहन की टक्कर से शौच के लिए जा रहे बुजुर्ग की मौत
February 28, 2026
10:01 pm









