Explore

Search

July 26, 2026 5:46 am

लेटेस्ट न्यूज़

इटावा: नाबालिग बेटी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज, हिन्दू सेवा समिति के प्रयासों के बाद बढ़ी कार्यवाही

इटावा। 12 वर्षीय नाबालिग बेटी द्वारा कथित ब्लैकमेलिंग, जान से मारने की धमकी, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव तथा मानसिक उत्पीड़न लगाए जाने के मामले में पुलिस ने जांच के उपरांत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित परिवार ने इस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि न्याय की इस लड़ाई में समाज के सहयोग एवं हिन्दू सेवा समिति के निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

परिवार के अनुसार, स्थानीय स्तर पर शिकायत के अनुरूप कार्रवाई न होने पर उन्होंने हिन्दू सेवा समिति के संस्थापक भगवा सेवक प्रदीप शर्मा से संपर्क किया। प्रदीप शर्मा ने पीड़िता और उसके परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। परिवार का आरोप है कि जिस मकान में वे किराए पर रह रहे थे, वहीं रहने वाली कुछ युवतियों ने पहले नाबालिग से मित्रता की और बाद में कथित रूप से कुछ युवकों से बातचीत कराने का दबाव बनाया। आरोप है कि बातचीत की रिकॉर्डिंग कर उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया, देर रात सुनसान स्थानों पर बुलाया गया तथा धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक दबाव बनाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हिन्दू सेवा समिति के संस्थापक भगवा सेवक प्रदीप शर्मा सर्वप्रथम पीड़िता एवं उसके परिवार के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की। इसके बाद वे अपनी टीम के साथ पूरे दिन थाना कोतवाली में मौजूद रहे तथा देर शाम तक पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहकर उनका मनोबल बढ़ाते रहे।

प्रशासन द्वारा साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद हिन्दू सेवा समिति ने मामले की जानकारी समाज तक पहुंचाई। संस्थापक भगवा सेवक प्रदीप शर्मा, नगर अध्यक्ष पुराना शहर सूर्या सिंह तथा संगठन के पदाधिकारियों ने विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से संवाद कर पीड़ित परिवार के समर्थन में शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने भी मामले में न्याय की मांग का समर्थन किया।

 

इसी दौरान प्रदीप शर्मा को जानकारी मिली कि मानसिक आघात के कारण नाबालिग बेटी पिछले दो दिनों से भोजन नहीं कर पा रही है। उन्होंने पीड़िता का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वह स्वयं को अकेला न समझे। उन्होंने यह भी कहा कि न्याय की लड़ाई में संगठन हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़ा रहेगा।

 

लगातार मानसिक तनाव और दो दिनों तक भोजन न करने के कारण नाबालिग बेटी की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच और तेज कर दी।

परिवार के अनुसार, एलआईयू (LIU), एसआईयू (SIU) तथा थाना कोतवाली पुलिस ने उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद प्रकरण में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे में दीपा, लायवा, लायवा के अब्बू, अंशू यादव, रिहान, जीशान एवं अयान को नामजद किया गया है।

इस बीच हिन्दू सेवा समिति के संस्थापक भगवा सेवक प्रदीप शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के माध्यम से शासन एवं पुलिस के उच्च अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पीड़ित परिवार ने राहत व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें निष्पक्ष विवेचना तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की उम्मीद है।

हिन्दू सेवा समिति के संस्थापक भगवा सेवक प्रदीप शर्मा ने कहा कि किसी भी बेटी के साथ अन्याय पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है और संगठन का उद्देश्य केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में सहयोग करना है। वहीं नगर अध्यक्ष पुराना शहर सूर्या सिंह ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

हिन्दू सेवा समिति ने मुकदमा दर्ज होने पर प्रदेश सरकार, शासन के उच्च अधिकारियों, पुलिस प्रशासन तथा न्याय की मांग में सहयोग करने वाले सभी सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। संगठन ने विश्वास जताया कि मामले की निष्पक्ष विवेचना होगी तथा जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर