इटावा। बलरई क्षेत्र में 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने वाले 45 वर्षीय आरोपी अजब सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद धर-दबोचा है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की लोकेशन पीहरपुर खारजा नहर के पास मिली थी। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर ढेर हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 02 खोखा कारतूस और 01 जिंदा कारतूस बरामद किया है।
आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, BNS के तहत जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में राहत की लहर है, वहीं मासूम के साथ हुई इस घिनौनी वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।
Author: Mohammed irfan













