Explore

Search

May 11, 2026 5:08 pm

लेटेस्ट न्यूज़

बंगाल सीएम सुवेंदु के पीए चंद्रनाथ को मारने वाला राज सिंह क्षत्रिय महासभा का है महासचिव,बलिया से एक-एक डिटेल सामने आई

लखनऊ।पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की गूंज अब उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में जोर-शोर से सुनाई दे रही है।इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में बलिया के एक रसूखदार युवक की गिरफ्तारी ने पुलिस महकमे के साथ सियासी गलियारों में जबरदस्त खलबली मचा दी है।चंद्रनाथ रथ की हत्या के आरोप में पुलिस ने बलिया शहर के आनंद नगर के राज सिंह उर्फ चंदन को गिरफ्तार किया है।राज सिंह को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह एक शादी समारोह से लौट रहा थे।

 

अयोध्या में घेराबंदी के बाद हुई गिरफ्तारी

 

राज सिंह की गिरफ्तारी किसी फिल्मी सीन से कम नहीं थी। बताया जा रहा है कि राज सिंह लखनऊ में एक बीजेपी नेता की बेटी की शादी में शामिल हुआ था। लखनऊ से लौटते समय पुलिस ने अयोध्या में जाल बिछाया और राज सिंह को हिरासत में ले लिया।कोलकाता पुलिस और यूपी पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन में यह बड़ी कामयाबी मिली है।

 

कौन है राज सिंह उर्फ चंदन

 

राज सिंह केवल एक सामान्य युवक नहीं है,बल्कि स्थानीय राजनीति और सामाजिक संगठनों में राज सिंह का अच्छा-खासा दखल है।राज सिंह बलिया में क्षत्रिय महासभा का महासचिव बताया जा रहा है,उसके पिता स्वर्गीय केशव सिंह थे,जबकि मां जामवंती सिंह बलिया डाकघर में कार्यरत हैं।राज सिंह का दामन दागदार रहा है।साल 2020 में बलिया के चर्चित अंडा व्यवसायी हत्याकांड में भी राज सिंह का नाम मुख्य रूप से सामने आया था,उस मामले में राज सिंह फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहा था।

 

सियासी गलियारों में मचा हड़कंप

 

राज सिंह की गिरफ्तारी के बाद बलिया की सियासत गरमा गई है।सोशल मीडिया पर राज सिंह की कई फोटो जिले के कद्दावर बीजेपी नेताओं,मंत्रियों और विधायकों के साथ वायरल हो रही है।सत्ताधारी दल के करीब दिखने वाले एक शख्स का बंगाल के इतने बड़े हत्याकांड में नाम आना कई सवाल खड़े कर रहा है।

 

एस‌आईटी की जांच जारी

 

कोलकाता एस‌आईटी अब राज सिंह से यह उगलवाने की कोशिश कर रही है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या की सुपारी उसे किसने दी थी और इस साजिश में बलिया या बंगाल के कौन से रसूखदार लोग शामिल हैं।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर