Explore

Search

May 9, 2026 11:37 pm

लेटेस्ट न्यूज़

हरदोई रेलवे स्टेशन पर सांसद जयप्रकाश रावत की सख्ती के बाद यात्री सुविधाओं में सुधार की तैयारी तेज हो गई है। पीआरएस काउंटर पर एसी और प्लेटफार्म 2 व 3 पर एस्केलेटर लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

हरदोई रेलवे स्टेशन पर सांसद जयप्रकाश रावत की सख्ती के बाद यात्री सुविधाओं में सुधार की तैयारी तेज हो गई है। पीआरएस काउंटर पर एसी और प्लेटफार्म 2 व 3 पर एस्केलेटर लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

हरदोई रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों को लेकर हाल ही में सांसद जयप्रकाश रावत द्वारा किए गए निरीक्षण का असर अब धीरे-धीरे दिखाई देने लगा है। निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर कई कमियां सामने आने पर सांसद ने रेल अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि अमृत भारत योजना के तहत होने वाले कार्यों में यात्रियों की सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के समय सांसद ने स्टेशन के पीआरएस काउंटर पर यात्रियों को हो रही परेशानियों पर भी नाराजगी जताई थी। गर्मी के मौसम में टिकट काउंटर पर लंबी कतारों में खड़े यात्रियों को राहत देने के लिए उन्होंने तत्काल वहां एयर कंडीशनर लगाने के निर्देश दिए थे। सूत्रों के अनुसार रेलवे की तकनीकी टीम द्वारा पीआरएस काउंटर का सर्वे पूरा कर लिया गया है और जल्द ही वहां एसी लगाने का काम शुरू किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि करीब एक सप्ताह के भीतर यह सुविधा यात्रियों को मिल सकती है।

इसके अलावा प्लेटफार्म संख्या दो और तीन को लेकर भी सांसद ने गंभीरता दिखाई। निरीक्षण के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों में इन प्लेटफार्मों पर एस्केलेटर की व्यवस्था प्रस्तावित नहीं की गई थी। इस पर उन्होंने अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि स्टेशन को आधुनिक बनाया जा रहा है तो सभी प्लेटफार्मों पर समान सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। सांसद ने तुरंत प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर भी एस्केलेटर लगाने के निर्देश दिए।रेलवे सूत्रों के मुताबिक सांसद के निर्देश के बाद संबंधित विभाग द्वारा दोनों प्लेटफार्मों पर सर्वे कराया गया है। अब वहां एस्केलेटर लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। माना जा रहा है कि आगामी समय में यात्रियों को लिफ्ट के साथ-साथ एस्केलेटर की भी सुविधा मिलेगी, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।

सांसद के हस्तक्षेप के बाद हरदोई के लोगों में संतोष देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं की मांग की जा रही थी। यदि प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर एस्केलेटर लग जाता है तो यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी और हरदोई रेलवे स्टेशन की तस्वीर भी बदली हुई नजर आएगी।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर