नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ एनसीआर के इलाकों में इस सप्ताह मौसम में उतार चढ़ाव नजर आ सकता है।पहले तेज हवाएं बाद में ठंड में इजाफा हो सकता है।इसके बाद पहाड़ों पर एक पश्चिमी विक्षोभ भी दस्तक देगा।इस पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिल्ली के साथ एनसीआर के इलाकों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा,लेकिन तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी।हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के आने से पहले दो दिन तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ने का भी अनुमान है।
कश्मीर घाटी में चिल्लई कलां का दौर शुरू होने वाला है।यह 40 दिनों का समय होता है।इसमें बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना अधिक होती है।हालांकि साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।दिल्ली-एनसीआर में भी इसका असर देखा गया है,लेकिन अब मौसम में एकबार फिर तब्दीली देखी जाएगी। 10 दिसंबर से तापमान में कमी आने के आसार हैं। इससे पहले दिल्ली के साथ ही एनसीआर में तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान आसमान साफ रहने और दिन के समय सतह पर 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। रात और सुबह के समय धुंधलापन रह सकता है। 9 दिसंबर को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में छिटपुट बादल नजर आ सकते हैं।दोपहर के समय आसमान साफ रहेगा और 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। सुबह के समय हल्की धुंध नजर आ सकती है।
9 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। 10 दिसंबर से दिल्ली के साथ ही एनसीआर के मौसम में एकबार फिर बदलाव नजर आएगा। इस दिन से 14 दिसंबर तक सुबह के समय हल्का कोहरा नजर आ सकता है। 10 से लेकर 12 दिसंबर तक दिल्ली के तापमान में गिरावट भी देखी जाएगी। 10 दिसंबर को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है।इसके बाद दिल्ली में ठंड में और बढ़ोतरी देखी जाएगी। दिल्ली में 11 और 12 दिसंबर को न्यूनतम तापमान के 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दोनों ही दिन कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग की मानें तो 13 दिसंबर को पहाड़ों पर एक पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे सकता है। इसका प्रभाव दिल्ली-एनसीआर पर तो खास नहीं पड़ेगा,लेकिन तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है। 13 दिसंबर को दिल्ली में न्यूतनम तापमान 7 से 9 डिग्री जबकि 14 दिसंबर को इसके 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।









