इटावा, 29 जुलाई। आज 29 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर इटावा सफारी पार्क में नगर क्षेत्र इटावा के लाला नानक चंद्र ट्रस्ट पूर्व माध्यमिक बालिका विद्यालय के छात्राओं को इटावा सफारी पार्क का भ्रमण कराया गया। तत्पश्चात मनन सभागार में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।

इस मौके पर सफारी पार्क के निदेशक डा० अनिल कुमार पटेल ने बताया कि पूरे भारत वर्ष में 58 टाइगर रिजर्व हैं जिसमें 3600 से अधिक बाघों की संख्या है जो पूरे विश्व की बाघों की संख्या का 70 प्रतिशत से अधिक है। उत्तर प्रदेश में चार टाइगर रिजर्व है। जहां 200 से अधिक बाघ अपने प्राकृतवास में पाये जाते है। प्रकृति के संरक्षण के लिए बाघों का संरक्षण बहुत जरूरी है। हमारी आगे आने वाली पीढ़ी बाघ को उसके प्राकृतवास में देख सके इसके लिए भी बाघ को बचाना बहुत जरूरी है। संरक्षण के अभाव में धीरे-धीरे उनकी संख्या यदि कम हो जाएगी तो आने वाली पीढ़ियां उनको केवल फोटो और किताबों में ही देख पाएंगे। इस अवसर पर सफारी पार्क के बायोलॉजिस्ट श्री बी.एन. सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस कार्यक्रम में सफारी पार्क के सलाहकार डा० सी०एन० भुवा एवं अन्य समस्त कार्मिक उपस्थित रहे। सफारी की विशेष पहल “अनुभूति कार्यक्रम” के आज दो वर्ष पूर्ण होने पर निदेशक इटावा सफारी पार्क द्वारा अवगत कराया गया कि विगत दो वर्ष में 71 परिषदीय विद्यालयों के 4000 से अधिक छात्र-छात्राओं द्वारा निःशुल्क सफारी भ्रमण किया जा चुका है। वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति बच्चों को प्रेरित करने के लिए सफारी प्रशासन द्वारा निरन्तर प्रयास किये जा रहे है। लाला नानक चंद्र ट्रस्ट पूर्व माध्यमिक बालिका विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य द्वारा सफारी प्रशासन के इस पहल हेतु आभार व्यक्त किया गया।
इसके साथ ही दिनांक 30.07.2026 से पवित्र श्रावण मास (सावन के महीने) की शुरूआत हो रही है जिसमें हजारों श्रद्धालुगण सफारी के आस-पास के मंदिरों में दर्शन / पूजा अर्चना करने आते है। अतः इसके दृष्टिगत सावन महीने के प्रत्येक सोमवार को सफारी पार्क पर्यटकों हेतु खुला रहेगा।
उक्त के अतिरिक्त इटावा सफारी पार्क में दिनांक 07 से 09 अगस्त 2026 तक 10वीं “स्टेट योग स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप 2026” का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन उत्तर प्रदेश योग स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है। इस चैम्पियनशिप में प्रदेश विभिन्न जनपदों से लगभग 300 से अधिक छात्र/छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। इटावा सफारी पार्क के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु इस प्रकार का आयोजन अत्यन्त उपयोगी सिद्ध होगा।
(डा०अनिल कुमार पटेल)
निदेशक
इटावा सफारी पार्क, इटावा











