इटावा – शुक्रवार की सुबह मिले थे शव, मिर्जापुर के रहने वाले थे
इटावा।सराय भूपत रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर पड़े मिले युवक-युवती ने प्रेम प्रसंग में चलती ट्रेन से कूदकर जान दे दी थी। दोनों 18 दिन पहले आठ जुलाई को घर से भागकर हरियाणा के रेवाड़ी में धारूहेड़ा में रह रहे थे। गुमशुदगी दर्ज करके खोजबीन में जुटे स्वजन गुरुवार को उन्हें वापस लेकर ट्रेन से लौट रहे थे। लेकिन साथ जीने-मरने की कसम और परिवार की लोक-लाज के डर से पहले युवती और फिर युवक ने चलती ट्रेन से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दोनों की प्रेम कहानी के इस अंत को शनिवार को मीरजापुर से इटावा आए उनके स्वजन ने शवों की शिनाख्त करते हुए बताया।
मीरजापुर के जिगना थाना क्षेत्र के गांव असवा निवासी 18 वर्षीय शिवानी और पड़ोसी 22 वर्षीय करण निषाद में प्रेम प्रसंग था। वह आठ जुलाई को गांव से भाग गए थे। युवती के पिता श्याममणि ने बताया कि बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई थी।
जिसकी गुमशुदगी उन्होंने आठ जुलाई को जिगना थाने में दर्ज कराई थी। 16 दिन की खोजबीन के बाद उन्हें बेटी की लोकेशन हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा में गांव के पड़ोसी युवक करण निषाद के साथ मिली। इस पर वह पत्नी जयदेवी, लड़के की मां शीला देवी और जीजा विजय निषाद के साथ गुरुवार को दोनों को वापस लेने रेवाड़ी पहुंचे। जहां बातचीत कर उन्हें घर वापस लेकर आ रहे थे। गुरुवार शाम को सभी लोग दिल्ली से सेंट्रल प्रयागराज एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार होकर मीरजापुर लौट रहे थे। रात करीब एक बजे तक सभी लोग जाग रहे थे। इसके बाद रात ढाई से तीन बजे के बीच यह घटना हुई। ट्रेन जब कानपुर पहुंची तो कोच में सफर कर रहे अन्य यात्रियों ने जानकारी दी कि पहले शिवानी चलती ट्रेन से कूद गई और उसके पीछे करण भी कूद गया।
इसके बाद स्वजन ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी, जहां घटना का पूरा विवरण दर्ज किया गया। करण की मां शीला देवी और उसके जीजा विजय निषाद भी ट्रेन में थे। बेटी की मौत की जानकारी मिलने के बाद शिवानी की मां जयदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
करण निषाद तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। शिवानी दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर थी। दोनों ही परिवार मजदूरी कार्य से ताल्लुक रखते हैं। जीआरपी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटनाक्रम और स्वजन के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।











