मिशन शक्ति 6.0: छात्रा ज्योति बनीं एक दिन की जिलाधिकारी, वंशिका ने संभाली सीडीओ की जिम्मेदारी
.
हरदोई। मिशन शक्ति 6.0 के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सुरसा की कक्षा आठ की छात्राओं ज्योति और वंशिका को प्रशासनिक नेतृत्व का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया गया। ज्योति ने एक दिन की जिलाधिकारी, जबकि वंशिका ने एक दिन की मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की प्रतीकात्मक जिम्मेदारी निभाई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने छात्रा ज्योति को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, कार्यालयी दायित्वों और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया से अवगत कराया। जनसुनवाई के दौरान ज्योति ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान की प्रशासनिक प्रक्रिया को समझा। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने छात्रा वंशिका को विकास योजनाओं, कार्यालयी कार्यप्रणाली और जनसुनवाई की प्रक्रिया की जानकारी दी। इसी दौरान दिव्यांग पुत्र लंकेश के लिए आवास की मांग लेकर पहुंची एक महिला की समस्या को वंशिका ने गंभीरता से सुना। सीडीओ ने संबंधित अधिकारी को परिवार की पात्रता के अनुसार आवास उपलब्ध कराने की दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बालिकाओं में नेतृत्व और आत्मविश्वास विकसित करना उद्देश्य: मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक जिम्मेदारियों से परिचित कराना, नेतृत्व क्षमता विकसित करना और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील बनाना है। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को निर्णय प्रक्रिया, अधिकारियों से संवाद और जनसेवा की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला।
Author: Mohammed irfan













