दीपावली पर 150 अस्थायी आतिशबाजी लाइसेंस जारी होंगे, 24 अक्टूबर से आवेदन

02 नवंबर तक जमा होंगे आवेदन, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा लाइसेंस आवंटन.
हरदोई दीपावली पर्व पर अस्थायी आतिशबाजी विक्रय लाइसेंस प्राप्त करने के लिए 24 अक्टूबर 2026 से आवेदन फार्म उपलब्ध होंगे। नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने बताया कि नगर क्षेत्र में कुल 150 अस्थायी लाइसेंस निर्धारित किए गए हैं। इनमें सीएसएन पीजी कॉलेज में 100 और आईटीआई परिसर में 50 लाइसेंस शामिल हैं।
इच्छुक आवेदक नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय, हरदोई से आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज के तीन फोटो और पिछले वर्ष दीपावली पर जारी अस्थायी आतिशबाजी लाइसेंस की मूल प्रति के साथ स्वयं उपस्थित होकर आवेदन फार्म एवं स्व-घोषणा पत्र का प्रारूप निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। भरे हुए आवेदन आवश्यक दस्तावेजों के साथ 24 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक, किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
नगर मजिस्ट्रेट के अनुसार, लाइसेंस का आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा, जबकि अस्थायी दुकान लगाने के लिए स्थान का आवंटन अग्निशमन विभाग के मानकों के अनुरूप लॉटरी पद्धति से होगा। निर्धारित राजकीय शुल्क और अन्य अनिवार्य शर्तों की जानकारी आवेदन फार्म के पीछे अंकित है। आवेदकों को आवेदन करने से पहले सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
Author: Mohammed irfan













