16 अक्टूबर को छिबरामऊ बिजली विभाग का घेराव करेंगे किसान, राष्ट्रीय संगठन मंत्री अमन यादव ने दी चेतावनी
अब्दुल्लाह अख़्तर
छिबरामऊ/कन्नौज: ग्राम बहवलपुर में भारतीय किसान यूनियन (भानु) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बहवलपुर बिजली फीडर से जुड़ी समस्याओं, कथित भ्रष्टाचार और विभागीय कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बिजली विभाग की मनमानी और किसानों के शोषण के विरोध में आने वाले 16 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 10 बजे छिबरामऊ स्थित बिजली विभाग का घेराव कर विशाल आंदोलन किया जाएगा।
संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री अमन यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बहवलपुर फीडर क्षेत्र में बिजली कनेक्शन जोड़ने और बिजली बिलों की त्रुटियों को सुधारने के नाम पर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लाइनमैन घर-घर जाकर अवैध उगाही का प्रयास करते हैं, वहीं दूसरी ओर ट्यूबवेल संचालित करने वाले किसानों को भी बिजली की गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
अमन यादव ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जनपद कन्नौज का जुड़ाव प्रदेश के ऊर्जा मंत्री से होने के बावजूद विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार सरकार और मंत्री जी की छवि धूमिल कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन ईमानदारी से काम करने वाले कर्मचारियों का सम्मान करता है, लेकिन दोषी कर्मचारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। विभागीय अधिकारियों को अपनी जवाबदेही तय करते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार करना होगा।
भाकियू (भानु) ने मांग की है कि बहवलपुर बिजली फीडर की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध वसूली में लिप्त कर्मचारियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाए और किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो। संगठन ने चेतावनी दी है कि यह आंदोलन भ्रष्टाचार और शोषण के खिलाफ एक निर्णायक लड़ाई है। यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो इस आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग के अधिकारियों की होगी।
Author: Mohammed irfan













