Explore

Search

October 12, 2026 11:40 am

लेटेस्ट न्यूज़

घर पहुंची भीड़ का मामला: मुकदमा दर्ज, 5 लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई

अब्दुल्ला अख़्तर
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की कार्रवाई, पांच गिरफ्तार
छिबरामऊ। कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती स्थित पीपल वाली गली में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक स्वर्णकार कारीगर के घर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का आरोप सामने आया। पीड़ित पक्ष के मुताबिक करीब 50 से 60 लोग घर के बाहर पहुंचे थे। इस दौरान एक युवक के हाथ में असलहा दिखाई देने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पीड़ित शेख जहांगीर जहांगीर अली का कहना है कि वह मूल रूप से कलकत्ता के रहने वाले हैं और करीब 40 वर्षों से छिबरामऊ में रहकर सोने-चांदी के कारीगर के रूप में अपना काम कर रहे हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोग उन्हें यहां से चले जाने के लिए दबाव बना रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, पहले भी घर के बाहर गाली-गलौज और धमकी देने की घटनाएं हुई हैं तथा फोन पर भी धमकियां मिलने का आरोप है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रविवार रात करीब नौ बजे बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे और उन्हें छिबरामऊ छोड़कर वापस कलकत्ता चले जाने के लिए कहा गया। आरोप है कि यहां रहने पर गोली मारने की धमकी भी दी गई। इस दौरान एक युवक के हाथ में असलहा दिखाई देने की बात कही गई है। घटना के बाद परिवार ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस से सुरक्षा की मांग की।
*फुटेज के आधार पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा*
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो और उपलब्ध फुटेज का तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना छिबरामऊ में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मुकदमे में अंशु वर्मा, बिम्मी वर्मा, हंसराज गुप्ता, अंकित वर्मा, बंटी वर्मा, गणेश तथा दो अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने अंशु वर्मा, बिम्मी वर्मा, हंसराज गुप्ता, अंकित वर्मा और बंटी वर्मा को हिरासत में लेकर शांति भंग की कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
*निष्पक्ष जांच की मांग*
पीड़ित जहांगीर ने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी प्रकार का विवाद है तो बातचीत के माध्यम से उसका समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने सराफा कमेटी के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराए जाने की भी बात कही।
वहीं सराफा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष राजीव दुबे ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल पुलिस मामले में दर्ज मुकदमे, वीडियो फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर