Explore

Search

October 12, 2026 10:16 am

लेटेस्ट न्यूज़

विशुनगढ़ में फिर गूंजेगी रामलीला की चौपाइयां

विधायक अर्चना पांडेय ने दिया आश्वासन

अब्दुल्लाह अख़्तर
छिबरामऊ:
विधानसभा क्षेत्र छिबरामऊ के विशुनगढ़ में ऐतिहासिक रामलीला मेले के आयोजन को लेकर चल रही संशय की स्थिति पर अब विराम लग गया है। विगत 83 वर्षों से लगातार आयोजित होते आ रहे इस पारंपरिक मेले को लेकर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रामबख्श लोधी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय ग्रामीण पूर्व मंत्री व छिबरामऊ विधायिका अर्चना पांडेय के आवास पर पहुंचे। कमेटी के सदस्यों ने मेले के आयोजन में कुछ असामाजिक या बाधक तत्वों द्वारा पैदा की जा रही रुकावटों से विधायक को अवगत कराया और निष्पक्ष रूप से मेला संपन्न कराने की मांग की।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रामबख्श लोधी ने विधायिका को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि विशुनगढ़ की रामलीला केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और पौराणिक धरोहर है। पिछले 83 वर्षों से बिना किसी विघ्न के इस मेले का भव्य आयोजन होता आ रहा है। इस वर्ष कुछ लोगों द्वारा अनुचित हस्तक्षेप कर मेले के आयोजन को रोकने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय जनता और धर्मप्रेमी बंधुओं में भारी रोष है। इसी समस्या के त्वरित और स्थायी समाधान के लिए कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने जनप्रतिनिधि का दरवाजा खटखटाया है।
विधायिका अर्चना पांडेय ने रामलीला कमेटी की समस्याओं और जनभावनाओं को बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने तत्काल दूरभाष पर प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की और स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षों पुरानी इस धार्मिक व सांस्कृतिक परंपरा को किसी भी सूरत में बाधित न होने दिया जाए। विधायक ने कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को पूर्ण आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रशासन से समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण और गरिमामयी माहौल में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामलीला मेले का भव्य आयोजन सुनिश्चित कराया जाएगा।
विधायक अर्चना पांडेय से मिले इस सकारात्मक आश्वासन और प्रशासनिक सहयोग के भरोसे के बाद रामलीला कमेटी और क्षेत्रीय लोगों में हर्ष की लहर दौड़ गई। मेला आयोजन का मार्ग प्रशस्त होने पर कमेटी अध्यक्ष रामबख्श लोधी ने विधायिका का धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने रामलीला मेले की परंपरा को जीवित रखने में सहयोग देने वाली क्षेत्र की समस्त जनता और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार जताया।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर