अब्दुल्लाह अख़्तर/जन जागरण संदेश
छिबरामऊ, कन्नौज। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का पर्व नगर में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बाजारों, सड़कों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। नगर में शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती।
भाई दूज के अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और सहयोग का संकल्प दोहराया। पर्व के चलते बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बनी रही।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष कपिल दुबे और सब इंस्पेक्टर खुर्शीद खान भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में सक्रिय रहे। नगर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिस की लगातार गश्त और निगरानी के चलते नगर के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था दिखाई दी।
पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहा। त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस की इस सक्रियता को देखकर नगरवासियों ने राहत की सांस ली। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन की सतर्कता अहम रही।





