Explore

Search

October 12, 2026 10:16 am

लेटेस्ट न्यूज़

अरशद और चाँद हाउस अरेस्ट, आजाद समाज पार्टी ने उठाई आवाज़

– प्रभात गौतम बोले- विरोध का अधिकार भी छीन रही भाजपा सरकार

अब्दुल्लाह अख़्तर
छिबरामऊ/कन्नौज। आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रभात गौतम ने भाजपा सरकार और कन्नौज पुलिस प्रशासन पर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि देश में वोट की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिन लोगों पर है, वही वोट को खत्म करने का काम कर रहे हैं। भाजपा सरकार में विरोध करने का अधिकार भी छीना जा रहा है।
प्रभात गौतम ने आरोप लगाया कि कन्नौज में आजाद समाज पार्टी के अधिकांश पदाधिकारियों को पुलिस प्रशासन ने डिटेन किया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि इसे लोकतंत्र की हत्या नहीं कहा जाएगा तो और क्या कहा जाएगा? उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

जिला महासचिव चांद खान और नगर अध्यक्ष अरशद खान हाउस अरेस्ट

आजाद समाज पार्टी के जिला महासचिव चांद खान और नगर अध्यक्ष अरशद खान को हाउस अरेस्ट किए जाने की बात भी सामने आई है। पार्टी पदाधिकारियों ने इसे लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार पर रोक लगाने वाला कदम बताया।
जिला महासचिव चांद खान ने कहा, “लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है। यदि अपनी आवाज उठाने पर पदाधिकारियों को घरों में रोका जाएगा या हिरासत में लिया जाएगा, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें किस आधार पर रोका गया।”
वहीं, नगर अध्यक्ष अरशद खान ने कहा, “लोकतंत्र में असहमति और विरोध की आवाज को दबाने के बजाय सुना जाना चाहिए। हमें हाउस अरेस्ट किए जाने से हमारे अधिकारों को लेकर सवाल खड़े होते हैं। सरकार और प्रशासन को लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करना चाहिए।”
आजाद समाज पार्टी के नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता जताई। पार्टी की ओर से चुनाव आयोग के समक्ष जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर