इटावा। 2 अक्टूबर का दिन पूरे देश के लिए प्रेरणा का दिन है। इसी क्रम में जिला अस्पताल इटावा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, देशभक्ति और सेवा भाव के साथ मनाई गई।

सुबह जिला अस्पताल प्रांगण में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (पुरुष) डॉ. परितोष शुक्ला और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (महिला) डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। इस दौरान अस्पताल परिसर भारत माता की जय और महात्मा गांधी अमर रहें के नारों से गूंज उठा।

ध्वजारोहण के उपरांत जिला अस्पताल सभागार में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में दोनों CMS ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी जी ने हमें सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया, वहीं शास्त्री जी ने “जय जवान, जय किसान” का नारा देकर सादगी और ईमानदारी की मिसाल पेश की। राष्ट्र निर्माण में दोनों के अतुलनीय योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

उन्होंने अस्पताल के समस्त डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों को शपथ दिलाई कि वे गांधी जी और शास्त्री जी के उच्च विचारों को अपने जीवन में अपनाएंगे और अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज की निस्वार्थ भाव से सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक के लिए मरीज की सेवा ही सबसे बड़ी देशभक्ति है।
इस पावन अवसर को यादगार बनाने के लिए जिला अस्पताल परिसर में वृहद पौधरोपण अभियान भी चलाया गया। सभी चिकित्सकों ने एक-एक पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण और हरित इटावा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सी.एस. नेगी, डॉ. विष्णु मल्होत्रा, वरिष्ठ सर्जन डॉ. पीयूष तिवारी, फिजिशियन डॉ. शांतनु निगम समेत अस्पताल के अन्य प्रमुख चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और समस्त कर्मचारी मुस्तैदी से मौजूद रहे।
Author: Mohammed irfan













