इटावा स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद और स्वच्छ भारत मिशन के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन पालिका सभागार में किया गया। “स्वच्छ भारत विकसित भारत” की प्रेरणादायी थीम पर आधारित 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस व्यापक अभियान के तहत सफाई कर्मियों के कल्याण के लिए एक बहुआयामी सफाई मित्र सुरक्षा शिविर लगाया गया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पालिका चेयरमैन ज्योति संटू गुप्ता ने नगर की सफाई व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले कर्मचारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट वितरित किए और उनका उत्साहवर्धन किया।
शिविर के दौरान सफाई मित्रों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक दवाओं के वितरण की व्यवस्था की गई, जिसमें जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव यादव, चीफ फार्मासिस्ट यतेन्द्र यादव, वार्ड ब्वाय धर्मेंद्र सिंह और सुरेश चंद्र ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ कर्मचारियों को विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं जैसे पीएम आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना तथा नमस्ते योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड के लाभों के प्रति जागरूक किया गया। पालिका चेयरमैन ज्योति संटू गुप्ता ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी सरकारी योजना का लाभ लेने में समस्या आने पर वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर डॉ. हरीशंकर पटेल ने स्वच्छता कर्मियों के अतुलनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज का “प्रथम डॉक्टर” बताया। वहीं अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। इस विशेष शिविर को सफल बनाने में मुख्य खाद्य एवं सफाई निरीक्षक नथ्थीलाल कुशवाहा, खाद्य एवं सफाई निरीक्षक विशाल मिश्रा, डीपीएम सुनील कुमार, परियोजना विश्लेषक विवेक तथा सुपरवाइजर रजनीश राठौर, विशाल, चंद्रशेखर, अंशुल, आसिफ और रोहित सहित संपूर्ण पालिका स्टाफ एवं सफाई कर्मचारियों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Author: Mohammed irfan













