इटावा, 28 अगस्त 2026 – रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जहाँ एक ओर बहनें अपने भाइयों की कलाईयों को राखी से सजा रही थीं, वहीं दूसरी ओर जनपद पुलिस ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी मुस्तैदी बरती। इसी क्रम में एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी (आईपीएस) ने अपनी टीम के साथ रोडवेज बस स्टैंड का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
त्योहार के दौरान बस अड्डों पर महिला यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए एसपी सिटी ने हर बस प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग क्षेत्र और मुख्य द्वारों की बारीकी से छानबीन की। उन्होंने रोडवेज कर्मचारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि:
सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता 24×7 बनाए रखें और हर कोने पर निगरानी सुनिश्चित करें।
महिला हेल्प डेस्क को सक्रिय रखें और किसी भी असहाय महिला या बच्ची को तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध कराएं।
रोशनी की व्यवस्था – पूरे बस स्टैंड परिसर में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था करें ताकि सुरक्षा में कोई कमी न रहे।
संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित रिपोर्ट करें और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ जैसी किसी भी घटना पर जीरो टॉलरेंस अपनाएं।
यात्रियों को जागरूक करने के लिए एनाउंसमेंट का उपयोग करें और बिना नंबर वाली वाहनों व बिना वर्दी वाले कर्मचारियों पर विशेष निगरानी रखें।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने तैनात पुलिस बल को नियमित गश्त, फ्लैग मार्च और सादी वर्दी में निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा, “त्योहार के दौरान महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
इस अवसर पर सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं कोई असुरक्षित महसूस करे तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें।
इटावा पुलिस की यह सक्रियता साबित करती है कि रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व पर हर बहन की सुरक्षा के लिए पुलिस पलक झपकते ही मौके पर मौजूद है।
इटावा पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।
Author: Mohammed irfan













