इटावा। नगर पालिका परिषद इटावा एवं आईटीसी – मिशन सुनहरा कल के संयुक्त तत्वावधान में अधिशासी अधिकारी महोदय के निर्देशानुसार स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत वार्ड संख्या 25 शाहग्रान में मोहल्ला समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का आयोजन डॉ. भीमराव अंबेडकर जन कल्याण एवं जाटव पंचायत कमेटी मोहल्ला समिति के सहयोग से किया गया।
बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष रामकुमार जाटव ने की। इस दौरान मोहल्ला समिति के पदाधिकारी, नगर पालिका के सफाई नायक मुनेश ITC मिशन सुनहरा कल से सुजीत कुमार एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
जागरूकता पर जोर -बैठक में मुख्य रूप से नागरिकों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया। लोगो को बताया कि प्रत्येक घर से निकलने वाले कचरे को दो भागों में – गीला कचरा (सब्जी, फल के छिलके, बचा हुआ भोजन) और सूखा कचरा (प्लास्टिक, कागज, कांच, धातु) अलग-अलग करके नगर पालिका की गाड़ी को देना अनिवार्य है। ऐसा करने से कचरे का निस्तारण आसान होगा और शहर को कचरा मुक्त बनाया जा सकेगा।
MRF सेंटर की जानकारी -ITC मिशन सुनहरा कल की टीम ने बताया कि नगर पालिका द्वारा वार्ड में मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) सेंटर स्थापित किया गया है। जहाँ सूखे कचरे को एकत्र कर उसका वर्गीकरण और पुनर्चक्रण किया जाएगा।
होम कंपोस्टर से बनेगी जैविक खाद –
प्रशिक्षण सत्र में नागरिकों को होम कंपोस्टर के माध्यम से घर पर ही जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया सिखाई गई। विशेषज्ञों ने बताया कि रसोई के गीले कचरे से 30 से 40 दिनों में घर पर ही उच्च गुणवत्ता की जैविक खाद तैयार की जा सकती है। कंपोस्ट बिन में हरा-सूखा कचरा, सूखी पत्तियां और मिट्टी की परत डालने की विधि का लाइव डेमो भी दिया गया।
Author: Mohammed irfan













