इटावा। भारत विकास परिषद धर्मार्थ सेवा शाखा इटावा द्वारा परिषद के स्थापना दिवस पर श्री शंकर धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय राहतपुर में जनता के लाभार्थ समस्त जांचों समेत निःशुल्क ओपीडी रखी गई जिसमें 54 लोगों ने इसका लाभ उठाया। इसके साथ ही शाखा कार्यालय पर एक संगोष्ठी कर परिषद द्वारा किए जा रहे सेवाकार्यों के सम्बन्ध में विचार प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्पार्पण कर वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ। गोष्ठी के मुख्य अतिथि अवनीश चौधरी ने कहा कि मनुष्य का जीवन तभी सार्थक है, जब हम दूसरों की सेवा के लिए कार्य करें। डा. सूरज प्रकाश जी ने भारत विकास परिषद के माध्यम से समाज की सेवा का जो अभियान आरम्भ किया, वह आज केवल भारत ही नहीं, विश्व के अन्य देशों में भी अपने उद्वेश्य को सार्थक कर रहा है। आप सब सौभाग्यशाली हैं कि धर्मार्थ शाखा के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सतत सेवा करने में लगे हुए हैं। उसी क्रम में आज निःशुल्क नेत्र चिकित्सा का लाभ जनता को दिलाया गया।
शाखा के अध्यक्ष हरिदत्त दीक्षित ने परिषद का परिचय देते हुए कहा कि संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण, इन पांच सूत्रों के माध्यम से परिषद ने राष्ट्र और समाज की सेवा में अभूतपूर्व कार्य किए हैं, और आज हमारी शाखा द्वारा भी उसके स्थापना दिवस पर निःशुल्क नेत्र चिकित्सा का सेवा कार्य किया गया है। गोष्ठी में जगदीश सिंह यादव एवं कौशल चंद्र चतुर्वेदी ने भी विचार रखे। संचालन आचार्य महेश चंद्र तिवारी ने किया। आभार राजेंद्र कुमार दीक्षित ने जताया।
इस अवसर पर शाखा के सचिव महेश कुमार बाथम, कोषाध्यक्ष सीबी मिश्रा, घनश्याम तिवारी, महेश चंद्र तिवारी अलकापुरी, विनोद त्रिपाठी, कृष्ण कुमार यादव, अवधेश सविता, प्रदीप आढ़तिया, रनवीर सिंह गौर, राम अवतार शर्मा, अशोक श्रीवास्तव उमेश सिंह चौहान, प्रमोद चौधरी, अवधेश पचौरी, डा.आशीष दीक्षित, पीयूष दीक्षित, नीरज कुमार, अनिल राजपूत, दिनेश राजपूत उपस्थित रहे।











