अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ (कन्नौज): स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में छिबरामऊ के सौ शैय्या अस्पताल ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश गुप्ता को जिले में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
डॉ. अविनाश गुप्ता ने कुल 345 सफल नेत्र ऑपरेशन (मोतियाबिंद सहित) किए हैं, जिले में टॉप करने के साथ-साथ, उन्होंने पूरे प्रदेश की रैंकिंग में 32वां स्थान हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है, अस्पताल प्रशासन के अनुसार, संसाधनों की कमी के बावजूद डॉ. गुप्ता के समर्पण और कड़ी मेहनत ने इस सफलता को मुमकिन बनाया।
इस बड़ी उपलब्धि पर अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। अधिकारियों का कहना है कि डॉ. गुप्ता की यह सेवा भावना और मेहनत अन्य चिकित्सकों के लिए एक प्रेरणास्रोत है। उनकी इस सफलता से बड़ी संख्या में मरीजों की आंखों की रोशनी वापस आई है, जिससे क्षेत्र की जनता में भी खुशी की लहर है।
सीएमएस डॉ सुनील कुमार ने कहा डॉ. अविनाश गुप्ता द्वारा किया गया कार्य सराहनीय है। सीमित संसाधनों में इतनी बड़ी संख्या में सफल ऑपरेशन करना उनकी कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है।
Author: Mohammed irfan













