Explore

Search

May 14, 2026 2:37 am

लिवर के लिए ‘काल’ बन रहा फास्ट फूड, चिलचिलाती गर्मी में पेट के रोगियों की बढ़ी तादाद

अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ। भीषण गर्मी की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से पैर पसारने लगी हैं। खान-पान में लापरवाही और फास्ट फूड का बढ़ता चलन अब लोगों के लिवर और पाचन तंत्र के लिए “काल” साबित हो रहा है। अस्पतालों की ओपीडी में इन दिनों पेट दर्द, उल्टी-दस्त और संक्रमण के मरीजों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
*फास्ट फूड के शौकीन हो रहे बीमार*
शहर के प्रमुख चौराहों और गलियों में स्थित फास्ट फूड की दुकानों पर शाम होते ही भीड़ उमड़ पड़ती है। चाऊमीन, बर्गर, मोमोज और रोल जैसे पदार्थों का सेवन करने वाले लोगों में अब गंभीर लक्षण दिखने लगे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, पिछले कुछ समय में पेट के मरीजों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिसे देखकर चिकित्सा विशेषज्ञ भी हैरान हैं।
अस्पतालों में पहुंच रहे मरीजों में मुख्य रूप से पाचन संबंधी: पेट में मरोड़, तेज दर्द, और भूख न लगना, संक्रमण: उल्टी, दस्त और पेट के गंभीर इंफेक्शन, लिवर पर असर: लिवर में सूजन और लंबे समय तक लापरवाही बरतने पर लिवर फेलियर का खतरा, अचानक चक्कर आना और शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) आदि संक्रमण निरंतर देखे जा रहे हैं।
डॉ. स्मित प्रताप सिंह ने बताया कि लोग स्वाद के चक्कर में अपनी सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने स्वस्थ रहने के लिए कुछ महत्वपूर्ण सावधानियां साझा की हैं उन्होंने बताया बाजार में बिकने वाली तली-भुनी चीजों और खुले में रखे खाद्य पदार्थों से बचें, खाने के साथ गाजर, खीरा, ककड़ी, टमाटर और चुकंदर का सलाद जरूर लें, खाने से 15 मिनट पहले या खाने के डेढ़ घंटे बाद ही पानी पिएं, सुबह का नाश्ता और दोपहर का भोजन भरपूर करें, लेकिन रात का भोजन हमेशा हल्का रखें।
विशेषज्ञों के अनुसार, सड़क किनारे खुले में बिकने वाले फास्ट फूड पर धूल-मिट्टी और मक्खियां बैठती हैं, जो शरीर के लिए घातक बैक्टीरिया फैलाती हैं। इसके अलावा, मोमोज और अन्य स्नैक्स के साथ खाई जाने वाली तीखी लाल मिर्च की चटनी सबसे ज्यादा नुकसानदेह है।
• अल्सर का खतरा: लाल मिर्च की चटनी पाचन तंत्र को कमजोर करती है, जिससे पेट और आंतों में घाव (अल्सर) होने की संभावना बढ़ जाती है।
हृदय रोग का कनेक्शन: लगातार फास्ट फूड के सेवन से शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल और बीपी बढ़ता है, जो अंततः हृदय रोग का कारण बनता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का स्पष्ट कहना है कि यदि आप लंबी उम्र और स्वस्थ लिवर चाहते हैं, तो बाजार के चटपटे खाने को अलविदा कहें और घर का बना सादा भोजन अपनाएं। इस गर्मी में खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए खूब पानी पिएं।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर