Explore

Search

May 31, 2026 6:17 am

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बढ़ाया मदद का हाथ, शोक संतप्त परिवारों को दिया आर्थिक सहायता का भरोसा

अब्दुल्ला अख़्तर छिबरामऊ
छिबरामऊ/कन्नौज: मैनपुरी के किशनी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में छिबरामऊ के तीन युवकों की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है। इस दुख की घड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवारों की ओर मदद का हाथ बढ़ाया है।

अखिलेश यादव ने फोन पर की जोन प्रभारी राशिद फ़ारूक़ी से बात

शनिवार की सुबह सपा मुखिया अखिलेश यादव ने छिबरामऊ के जोन प्रभारी राशिद फ़ारूक़ी को फोन कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से तीनों पीड़ित परिवारों के सदस्यों से फोन पर बात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी इन परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। बातचीत के दौरान सपा प्रमुख ने आश्वासन दिया कि तीनों परिवारों को पार्टी की ओर से हरसंभव आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी, उन्होंने कहा “जब भी मैं छिबरामऊ आऊंगा, तो स्वयं तीनों परिवारों के घर जाकर उनसे मुलाकात करूंगा।”दोषियों पर कार्रवाई की बात पर उन्होंने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराने और न्याय दिलाने का पूर्ण भरोसा दिया।
हादसा गुरुवार रात उस समय हुआ जब छिबरामऊ निवासी तीन युवक मैनपुरी के ग्राम जटपुरा से एक शादी समारोह से लौट रहे थे। किशनी क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दो की मौके पर ही मौत हो गई एक की हालत बेहद गंभीर थी जिसको आनन फ़ानन में सेफ़ई मिनी पीजीआई में भर्ती कराया जहाँ उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया ।
मृतकों की पहचान मोहम्मद वसीम (34 वर्ष) पुत्र मो० मतीन, निवासी मोहल्ला गणेश चौधरी, अल्ताफ (35 वर्ष) पुत्र इकबाल, निवासी मोहल्ला ग्रेसीगंज, सत्तार (50 वर्ष) पुत्र अब्दुलरज़्ज़ाक, निवासी मोहल्ला गणेश चौधरी के रूप में हुई थी ।
शुक्रवार देर शाम जब पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव छिबरामऊ पहुंचे, तो मोहल्ला गणेश चौधरी और ग्रेसीगंज में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का बुरा हाल था और पूरे कस्बे में सन्नाटा पसर गया।
देर रात तीनों शवों को गिरधरपुर स्थित कब्रिस्तान में मुस्लिम रीति-रिवाजों के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया। जनाजे में हजारों की संख्या में स्थानीय लोग और सपा कार्यकर्ता शामिल हुए। अचानक हुई इन मौतों ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
हादसे के बाद से ही जोन प्रभारी राशिद फ़ारूक़ी लगातार परिवारों के संपर्क में हैं। अखिलेश यादव के निर्देशानुसार, स्थानीय सपा इकाई परिवारों की सहायता और कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है। राशिद फ़ारूक़ी ने बताया कि सांसद जी स्वयं इस मामले की निगरानी कर रहे हैं और शोक संतप्त परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर