Explore

Search

April 14, 2026 5:07 pm

शिक्षा ही अमृत: इटावा में ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य आयोजन, विधायक व DM ने दिलाई निपुणता की शपथ

इटावा, 01 अप्रैल 2026 – शिक्षा के क्षेत्र में जिले को नई दिशा देने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आज ‘स्कूल चलो अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया और जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जहां शिक्षा को लेकर एक नई उम्मीद और संकल्प की लहर देखने को मिली।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वातावरण को भक्तिमय बनाते हुए स्कूली छात्राओं ने मनमोहक सरस्वती वंदी प्रस्तुत की, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

 

इस अवसर पर सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बच्चों को आगे बढ़ाने का काम करती है। उन्होंने कहा, “देश की प्रगति तभी संभव है जब हम शिक्षित और स्वस्थ हों। शिक्षा विभाग की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। 2047 के विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब हर बच्चा अच्छी शिक्षा ग्रहण करेगा।”

 

उन्होंने जोर देकर कहा कि हर घर का सर्वेक्षण कराकर बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा की मुख्यधारा से छूट न पाए। उन्होंने कहा कि इटावा जिला 80% साक्षरता दर के साथ प्रदेश में अग्रणी स्थान पर है। विधायक ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि तीन वर्ष पूर्ण कर चुके बच्चों का आंगनवाड़ी में और छह वर्ष पूर्ण कर चुके बच्चों का कक्षा 1 में दाखिला अनिवार्य रूप से कराया जाए।

 

वहीं, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री का संकल्प है कि प्रदेश का एक-एक बच्चा स्कूल जाए और शिक्षित होकर अपने गांव, जिले, गुरुजनों और माता-पिता का नाम रोशन करे। उन्होंने ‘निपुण भारत’ अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका उद्देश्य हर बच्चे को निपुण (सक्षम) बनाना है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उन शिक्षकों का सम्मान रहा, जिन्होंने नामांकन अभियान में सबसे अधिक योगदान दिया। उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं को पुस्तकें एवं स्कूल बैग वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

सभी ने शिक्षा के इस पावन अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और ‘स्कूल चलो’ का नारा लगाकर कार्यक्रम का समापन किया।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर