छिबरामऊ: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार दोपहर से लापता तीन वर्षीय मासूम बच्ची बुधवार सुबह गांव के पास ही एक बोरी में बंधी मिली। बच्ची के शरीर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 3:00 बजे की है। बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। करीब एक घंटे तक जब बच्ची नहीं दिखी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने गुरसहायगंज कोतवाली पुलिस को सूचित किया। पुलिस और ग्रामीण रात भर बच्ची को ढूंढते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बुधवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए, तो उन्हें एक डिग्री कॉलेज के पीछे से किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। जब लोग पास पहुंचे तो देखा कि एक बोरा बंधा हुआ पड़ा है। बोरा खोलने पर उसमें वही तीन साल की लापता बच्ची मिली। बच्ची गांव से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में फेंकी गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और बच्ची के परिजन मौके पर पहुंचे। अपनी मासूम बेटी को इस हालत में देख पिता फफक पड़े और उसे तुरंत गले लगा लिया। बच्ची बेसुध थी और उसके चेहरे व सिर पर चोट के निशान थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ बर्बरता की गई है। पुलिस ने तुरंत बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है।
गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी अजय अवस्थी ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मझपुरवा चौकी प्रभारी विनोद कुमार कश्यप को विवेचना सौंपी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
लेटेस्ट न्यूज़
एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने किया थाना सैफई का मुआयना, पुलिस व्यवस्था का लिया जायजा
April 8, 2026
8:19 pm

घर के बाहर से लापता तीन साल की मासूम बोरी में बंधी मिली, शरीर पर चोट के निशान










