इटावा, 11 मार्च। इटावा सफारी पार्क प्रशासन ने अपने अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य के प्रति उत्कृष्ट पहल करते हुए एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया। यह शिविर उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के विशेष सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के 50 सदस्यीय चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने मरीजों को सेवाएं दीं।
चिकित्सकों की टीम ने किया नेतृत्व
डॉक्टरों की इस टीम का नेतृत्व प्रो. (डॉ.) एस.पी. सिंह (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक) और डॉ. एन.पी. सिंह (प्रोफेसर एवं चीफ कोऑर्डिनेटर, आउटरीच प्रोग्राम) ने किया। शिविर का शुभारंभ सफारी पार्क के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने सबसे पहले स्वयं अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराकर कर्मचारियों को प्रेरित किया।
बहुआयामी स्वास्थ्य जांच की सुविधा
शिविर में मरीजों को एक ही छत के नीचे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसमें जनरल बॉडी चेकअप, रक्त जांच, दंत रोग, कान-नाक-गला (ईएनटी), स्त्री रोग, नेत्र रोग एवं श्वसन रोग विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान 150 से अधिक कर्मचारियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
सुरक्षा के प्रति भी रहा विशेष ध्यान
स्वास्थ्य शिविर के दौरान सफारी पार्क प्रबंधन ने अपने कर्मियों की सुरक्षा का भी ख्याल रखा। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा किट (फर्स्ट एड किट) वितरित की गई, जिससे किसी भी आपात स्थिति में उन्हें तुरंत राहत मिल सके।
शिविर के आयोजन में उप निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी रुपेश श्रीवास्तव, मनन्जय यादव एवं अन्य स्टाफ का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि सफारी पार्क स्टाफ और वन्यजीवों दोनों के स्वास्थ्य को उत्तम रखने के लिए इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से किए जाते रहेंगे।











