इटावा। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत इटावा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा-7 की छात्रा वर्तिका सिंह को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया।

डीएम की कुर्सी संभालते ही नन्हीं जिलाधिकारी वर्तिका ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कामकाज संभाला। उन्होंने बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने वर्तिका के कार्यों की सराहना की। डीएम ने कहा कि इस तरह की पहल से बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होती हैं।
गौरतलब है कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली से रूबरू कराना है। एक दिन की डीएम बनीं वर्तिका अब पूरे जिले की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं।
Author: Mohammed irfan













