इटावा। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर प्रेस वार्ता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ‘बबलू ‘ ने ‘लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ’ आंदोलन की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार और इंडिया गठबंधन के तहत 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाया जाएगा।
प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त *ज्ञानेश कुमार* को पद से हटाने, मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के विरोध में रणनीति तैयार करने के लिए इटावा में जल्द ही विधानसभा स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी।
जिलाध्यक्ष ने ऐलान किया कि आगामी 8 अक्टूबर 2026 को जिला स्तर पर विशाल ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च अम्बेडकर तिराहा से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ नुमाइश परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचेगा।
मार्च का समापन बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण, राष्ट्रगान और संविधान के अनुच्छेद 326 के पठन के साथ होगा।
Author: Mohammed irfan













