हरदोई के पाली थाना क्षेत्र में रविवार शाम गोपालपुर के पास तीन बाइकों की टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद फर्रुखाबाद के अस्पताल भेजा गया। बाकी दो घायलों को मामूली चोटें आईं और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, फतेहगढ़ निवासी सुनील और हरीबाबू अपनी बाइक से शाहाबाद की ओर जा रहे थे। गोपालपुर के पास पाली की तरफ से आ रही एक अन्य बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइकें नियंत्रण खोकर एक तीसरी बाइक से टकरा गईं। दूसरी बाइक पर शाहजहांपुर के रसूलपुर विभाही निवासी सुधीश पाल और रूचित सवार थे। ये दोनों जीबीएल कंपनी में काम करते हैं और छुट्टी के बाद ड्यूटी जॉइन करने मथुरा जा रहे थे।हादसे में तीनों बाइकों पर सवार लोगों को चोटें आईं। सुनील और हरीबाबू को गंभीर चोटें लगने के कारण पाली स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें फर्रुखाबाद के अस्पताल ले गए। शाहजहांपुर के युवकों को मामूली चोटें थीं, इसलिए उन्हें पीएचसी से छुट्टी दे दीगई।
टक्कर मारने वाली तीसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी विजय कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को पीएचसी पहुंचाया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना से जुड़े वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Mohammed irfan













