Explore

Search

September 14, 2026 2:23 am

लेटेस्ट न्यूज़

सड़क पर मुस्तैद टीएसआई अरशद अली: नियम भी सिखाए, लोक अदालत का रास्ता भी दिखाया

अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ/कन्नौज। सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में पुलिस की मुस्तैदी और जन-जागरूकता अभियान लगातार रंग ला रहा है। इसी कड़ी में यातायात उपनिरीक्षक(टीएसआई) अरशद अली ने अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए कस्बे के प्रमुख चौराहों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। उनके इस सराहनीय प्रयास से न केवल वाहन चालकों को यातायात नियमों का बोध हुआ, बल्कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर भी लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के कुशल निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात मयंक मिश्रा व कार्यवाहक प्रभारी यातायात राम प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में मंगलवार को टीएसआई अरशद अली अपनी टीम के साथ पूर्वी बाईपास, सौरिख तिराहा और फतेहगढ़ चौराहा आदि प्रमुख स्थानों पर सक्रिय नजर आए।

नियमों के पालन की अपील, बिना हेलमेट चालकों को हिदायत

अभियान के दौरान टीएसआई अरशद अली ने आमजन से सीधा संवाद स्थापित करते हुए कहा कि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए खुद यातायात नियमों को जानना और दूसरों को भी इसके प्रति प्रेरित करना बेहद जरूरी है। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों पर कठोरता बरतने के बजाय टीएसआई ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें भविष्य में अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की हिदायत दी और सुरक्षा का महत्व समझाया।

राष्ट्रीय लोक अदालत का हैंडबिल वितरण

सड़क सुरक्षा के साथ-साथ टीएसआई अरशद अली ने नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के हैंडबिल भी वितरित किए। उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की कि जिन वाहनों का चालान लंबित है, वे 12 सितंबर को न्यायालय परिसर कन्नौज पहुंचकर लोक अदालत के माध्यम से अपने चालानों का सुलभ निस्तारण अवश्य कराएं।
इस दौरान मुख्य आरक्षी अजय प्रताप, आरक्षी विनोद कुमार एवं होमगार्ड राजेश समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। टीएसआई अरशद अली की इस पहल और जनता के प्रति उनके सकारात्मक रवैये की स्थानीय लोगों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर