Explore

Search

September 15, 2026 4:17 am

लेटेस्ट न्यूज़

आईएमए इटावा में यथार्थ हॉस्पिटल के सहयोग से सीएमई का भव्य आयोजन,देश के दिग्गज विशेषज्ञों ने दिए आधुनिक चिकित्सा के गुरुमंत्र

​इटावा पक्का तालाब स्थित आईएमए भवन में यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, आगरा के सौजन्य से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) इटावा द्वारा एक उच्चस्तरीय निरंतर चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष संगोष्ठी में क्षेत्र के तमाम नामचीन फिजिशियन एवं सर्जनों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर चिकित्सा जगत में आ रहे आधुनिक बदलावों पर गहन चिंतन-मनन किया।

​कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता डॉ. सौरभ बंसल, कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट ने “एमएएसएलडी: निदान से उपचार तक—प्रत्येक चिकित्सक के लिए आवश्यक जानकारी” विषय पर अपना अत्यंत ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने लीवर से जुड़ी इस गंभीर बीमारी के शुरुआती लक्षणों, सटीक निदान और नवीनतम इलाज पद्धतियों की जानकारी साझा की, जो प्रत्येक चिकित्सक के दैनिक अभ्यास में बेहद सहायक साबित होगी।

​चिकित्सा की आधुनिक तकनीकों को रेखांकित करते हुए प्रसिद्ध सीटीवीएस सर्जन डॉ. पवन पारसनाथ ने “हृदय चिकित्सा को नया आयाम: उन्नत एमआईसीएस एवं व्यापक शल्य चिकित्सा प्रबंधन” विषय पर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि किस तरह मिनिमली इनवेसिव कार्डियक सर्जरी (एमआईसीएस) के जरिए दिल के मरीजों का इलाज अब पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, त्वरित और कम दर्दनाक हो गया है।

​वरिष्ठ चिकित्सकों की अध्यक्षता में संपन्न हुए इन दोनों सत्रों का कुशल संचालन डॉ. डी.के. सिंह द्वारा किया गया। आयोजन की शुरुआत में आईएमए अध्यक्ष डॉ. डी.के. दुबे, सचिव डॉ. हिमांशु कुमार सिंह और कोषाध्यक्ष डॉ. रमाकांत रावत ने आए हुए सभी सम्मानित चिकित्सकों का आत्मीय स्वागत किया। समारोह को यादगार बनाते हुए यथार्थ हॉस्पिटल प्रबंधन की ओर से आईएमए उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एम.एम. पालिवाल समेत आईएमए सभी प्रमुख पदाधिकारियों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया। ज्ञान और अनुभव के इस सफल आदान-प्रदान के बाद कार्यक्रम का समापन एक सौहार्दपूर्ण रात्रिभोज के साथ हुआ।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर