इटावा, 19 अगस्त 2026 – आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुरक्षा को चुनौती देने वाले शातिर अपराधियों पर इटावा पुलिस ने शिकंजा कसा। थाना सैफई की पुलिस टीम ने एक संवेदनशील मामले में कार्रवाई करते हुए हाईवे स्थित फूड प्लाजा की पार्किंग में गाड़ी का शीशा तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और लगभग 14 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद हुई है।
घटना का खुलासा – कैसे हुई चोरी?
पीड़िका सारिका सिंह (पत्नी अजय कुमार सिंह, निवासी फरीदाबाद) अपने परिवार के साथ बलिया से फरीदाबाद लौट रही थीं। इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किमी संख्या 104 स्थित फूड प्लाजा पर वह नाश्ता करने के लिए रुकीं। जब वह प्लाजा के अंदर गईं, तभी बदमाशों ने उनकी गाड़ी का शीशा तोड़कर अंदर रखे दो लेडीज पर्स, नकदी व आभूषण चुरा लिए।

पीड़िका की तहरीर पर थाना सैफई में मु0अ0सं0 123/2026 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की सटीक मुखबिरी और दबिश
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के कुशल निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी सैफई के नेतृत्व में पुलिस टीम रुकईया नहर पुल पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी करने वाला बदमाश अवैध हथियार के साथ उसरई पुलिया पर फिरक रहा है। पुलिस ने तुरंत सटीक दबिश देकर आरोपी मनोज कुमार (पुत्र जीतेन्द्र बाबू, ग्राम हैवरा, थाना सैफई) को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने ये सामान बरामद किया:
97,500 रुपये नगद (चोरी किए गए) 01 सोने की कंठी (लॉकेट सहित) सोने का हाथ कंगन 02 सोने के कान के टॉप्स (लटकन सहित) 02 पैरों की चांदी की पायल 01 अवैध तमंचा (315 बोर)02 जिंदा कारतूस (315 बोर)
साथी का भी खुलासा, जारी है तलाश
पूछताछ में आरोपी मनोज ने अपने साथी अरविन्द दुबे उर्फ मोनू (पुत्र रामऔतार, ग्राम अमरसीपुर, थाना सैफई) का नाम उजागर किया। दोनों ने मिलकर यह वारदात को अंजाम दिया था और चोरी के दो मोबाइलों को बंद करके नदी में फेंक दिया था। फरार साथी अरविन्द की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
उक्त गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) BNS एवं धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है। अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में शामिल साहसी टीम:
· निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह राठी (प्रभारी निरीक्षक थाना सैफई)
· उ0नि0 राकेश कुमार
· उ0नि0 स्वदेश कुमार
· आदित्य तोमर
· अंजनी कुमार
इटावा पुलिस ने एक बार फिर साबित किया कि अपराध चाहे कितना भी शातिराना हो, पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी के आगे उसे छिपना नामुमकिन है। आमजन को सुरक्षित माहौल देने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Author: Mohammed irfan













