Explore

Search

September 14, 2026 4:03 am

लेटेस्ट न्यूज़

“शिवप्रसाद यादव ने CM योगी व DM इटावा को सौंपा ज्ञापन, बोले – ‘किसानों को 20 हजार पेंशन दो, नकली दवाइयों पर लगाओ रोक'”

लखनऊ / इटावा – सर्वजन सुखाय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिबप्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी इटावा को एक व्यापक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें किसानों, शिक्षा, स्वास्थ्य, शराबबंदी और स्थानीय विकास से जुड़ी 7 प्रमुख माँगें रखी गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि माँगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

माँग 1 – किसान रजिस्ट्री की अनिवार्यता समाप्त करें

“फार्मर रजिस्ट्री के चलते किसान खाद्य (उर्वरक/बीज) खरीदने में फंस रहे हैं। सरकार तुरंत इस अनिवार्यता को हटाए, ताकि किसानों को राहत मिले।”

माँग 2 – नकली कीटनाशक व दवाइयों पर तत्काल रोक

“बाजार में खुलेआम नकली दवाइयाँ व कीटनाशक बिक रहे हैं, जो फसलों व मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हैं। सरकार सख्त छापेमारी कर इन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए।”

माँग 3 – सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर बढ़ाया जाए

“गरीब किसानों व मजदूरों के बच्चे सरकारी व सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ते हैं, लेकिन शिक्षा की गुणवत्ता लगातार गिर रही है। युद्धस्तर पर सुधार कर पाठ्यक्रम, शिक्षक प्रशिक्षण व बुनियादी सुविधाएँ सुनिश्चित की जाएँ।”

माँग 4 – शराब के ठेके बंद करें, स्कूल खोलें

“युवा वर्ग शराब की लत में बर्बाद हो रहा है, हर मोहल्ले में नए ठेके खुल रहे हैं। सरकार शराब के ठेके बंद करे और उनकी जगह सरकारी स्कूलों की संख्या बढ़ाए, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके।”

माँग 5 – जौहर विश्वविद्यालय को संरक्षण दें

“बिना नक्शा स्वीकृति के बावजूद देश में 70-80% स्कूल-कॉलेज चल रहे हैं, ऐसे में जौहर विश्वविद्यालय को भी सरकारी संरक्षण दिया जाए, ताकि शिक्षा का अधिकार प्रभावित न हो।”

माँग 6 – किसानों को 20,000 रुपये मासिक पेंशन दी जाए

“सरकारी कर्मचारियों की तरह किसान भी देशसेवा करता है, लेकिन उसे पेंशन क्यों नहीं? माँग है कि प्रत्येक किसान को प्रतिमाह ₹20,000 पेंशन प्रदान की जाए, जिससे उनकी बुढ़ापा सुरक्षित हो सके।”

माँग 7 – नगर पालिका कर्मचारी स्व. राजीव यादव मामले में कठोर कार्रवाई

“शहीद राजीव यादव को आत्महत्या के लिए विवश करने वाले आरोपियों पर अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। सरकार उन पर मुकदमा चलाए, पीड़ित परिवार को नौकरी दे और बकाया भुगतान जारी करे।”

स्थानीय माँग – रेलवे से जुड़ी समस्याएँ (इटावा विशेष)

“इटावा-गुना रेल मार्ग बिछने से सारंगपुरा, विक्रमपुर, पटेल नगर, ग्राम जोहाना, नगला हरजू, चौगान आदि गाँवों का मुख्य सड़क से संपर्क टूट गया है। बड़े वाहनों के लिए डामर रोड बनवाई जाए और सारंगपुरा में रेलवे स्टेशन की पुरानी माँग को जल्द पूरा किया जाए। साथ ही, रेलवे लाइन के किनारे प्रतिदिन गौवंश कट रहे हैं, रेलवे विभाग तुरंत गौरक्षा के उपाय करे।”

प्रसाद यादव ने कहा कि – “यह माँगें जनहित से जुड़ी हैं, इन्हें अनदेखा करना राज्य की उपेक्षा होगी। सरकार एक सप्ताह में जवाब दे, अन्यथा हम सड़क पर आने को विवश होंगे।”

ज्ञापन की प्रति मुख्यमंत्री कार्यालय, डीएम इटावा और रेलवे अधिकारियों को भी भेजी गई है। अब देखना यह है कि सरकार इन माँगों पर क्या रुख अपनाती है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर