इटावा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में समाचार पत्र विक्रेता संघ द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए इटावा रेलवे स्टेशन पर तिरंगा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संघ के जिलाध्यक्ष एवं पत्रकार विमल जैन ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर तिरंगे झंडे वितरित किए। तिरंगा हाथों में पाकर लोगों में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विमल जैन ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हमारे राष्ट्रीय ध्वज में देश की एकता, अखंडता, त्याग, शांति और समृद्धि की भावना समाहित है। स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश को आजादी दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान करे और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखें। मीडिया प्रभारी चौ अभिनंदन जैन नंदू ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल झंडा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और नागरिकों की एकजुटता की भावना को मजबूत करने का अभियान है।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों एवं आमजन ने भी तिरंगा प्राप्त कर देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की। लोगों ने समाचार पत्र विक्रेता संघ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करते हैं।इस दौरान सगंठन मंत्री हरि सविता सलाहकार प्रदीप कुमार मीडिया प्रभारी बबलू राठौर सोनू सविता सहित समाचार पत्र विक्रेता संघ के सदस्य एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
Author: Mohammed irfan













