अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ (कन्नौज)। पुलिस प्रशासन द्वारा अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी प्रभारी कुंवरपुर कंडौली ने पुलिस टीम व कांस्टेबल के साथ हिकमत अमली का प्रयोग करते हुए एक अभियुक्त को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर द्वारा सटीक सूचना मिली थी कि मनिकापुर स्थित बारात घर में एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। सूचना मिलते ही बिना समय गंवाए चौकी प्रभारी कुंवरपुर कंडौली व हमराही कांस्टेबल तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने जब मनिकापुर स्थित बारात घर का कमरा खोलकर देखा तो अंदर तख्त पर एक व्यक्ति लेटा हुआ दिखाई दिया, जिसने सफेद पैंट और चॉकलेटी रंग की कमीज पहन रखी थी।
पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कमरे और उक्त व्यक्ति की जामा तलाशी ली। पूछताछ के दौरान पकड़े गए अभियुक्त ने अपना नाम अरुण कुमार पुत्र जगदीश सिंह, निवासी कुंबरपुर लोधपुर, थाना छिबरामऊ, जनपद कन्नौज (उम्र करीब 23 वर्ष) बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पैंट की बायीं फेंट में लगा हुआ 01 अदद तमंचा (315 बोर) एवं पैंट की दाहिनी जेब से 02 अदद जिंदा कारतूस (315 बोर) बरामद हुआ है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अवैध असलहा व कारतूस को जब्त कर लिया है तथा उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। चौकी इंचार्ज और पुलिस टीम की इस त्वरित व सूझबूझ भरी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
Author: Mohammed irfan













