जनपद इटावा में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी, नशीले पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम तथा जन-जागरूकता को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 16.07.2026 को जनपद स्तरीय NCORD (National Coordination Committee on Drug Law Enforcement) समिति की मासिक गोष्ठी का आयोजन अपर जिलाधिकारी सभागार, इटावा में किया गया।

गोष्ठी का आयोजन जिलाधिकारी इटावा शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी विपिन कुमार की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक अपराध की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, औषधि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जीएसटी विभाग, वन विभाग, आईबी, पुलिस विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
गोष्ठी के दौरान जनपद में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं व्यापार पर प्रभावी अंकुश लगाने, विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा नशा मुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से स्कूल एवं कॉलेज स्तर पर विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने, जनसामान्य के बीच व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित करने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई किए जाने पर बल दिया गया।
अधिकारियों द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नशा मुक्त इटावा के लक्ष्य को साकार करने हेतु निरंतर अभियान चलाएं तथा युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें।
इटावा पुलिस एवं जिला प्रशासन का संकल्प है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नशे के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के साथ-साथ जनसहभागिता एवं जागरूकता के माध्यम से नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जाते रहेंगे।











