मोहम्मद दिलशाद/ अब्दुल्ला अख़्तर
अवैध कारोबारियों पर कसेगा शिकंजा, हर फरियादी को मिलेगा न्याय: थानाध्यक्ष शशिकांत
विदाई पर भावुक हुई जनता, पूर्व थानाध्यक्ष भागमल सिंह की ईमानदारी की हुई जमकर तारीफ
विशुनगढ़/कन्नौज।
कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व दुरुस्त करने के उद्देश्य से बड़े फेरबदल किए हैं। इसी क्रम में जांबाज पुलिस अधिकारी शशिकांत कनौजिया को विशुनगढ़ थाने की नई कमान सौंपी गई है। पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त थानाध्यक्ष शशिकांत कनौजिया ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दी हैं।
कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए थानाध्यक्ष शशिकांत कनौजिया ने बेहद कड़े लहजे में कहा कि थाना क्षेत्र के भीतर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा अपराधियों का स्थान सिर्फ और सिर्फ जेल में होगा। क्षेत्र में कच्ची शराब का धंधा हो या कोई अन्य अवैध कारोबार, सब पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जाएगा। किसी भी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति को पनपने का मौका नहीं मिलेगा।
थानाध्यक्ष ने सख्त लहजे में मातहतों और अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि—”या तो अपराधी अपराध छोड़ दें, क्षेत्र छोड़ दें, अन्यथा जेल जाने के लिए तैयार रहें।” उन्होंने यह भी साफ किया कि शासन की मंशानुरूप थाने पर आने वाले हर एक पीड़ित और फरियादी को शत-प्रतिशत न्याय दिलाना ही उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
थानाध्यक्ष भागमल सिंह की विदाई पर भावुक हुए लोग
एक तरफ जहाँ नए थानाध्यक्ष ने कमान संभाली, वहीं विशुनगढ़ से स्थानांतरित होकर सकरावा थाना पहुंचे निवर्तमान थानाध्यक्ष भागमल सिंह की विदाई पर क्षेत्र की जनता बेहद भावुक नजर आई। स्थानीय लोगों ने उनके कार्यकाल की जमकर सराहना की।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि भागमल सिंह ने क्षेत्र में ‘पुलिस मित्र’ की परिभाषा को सच साबित किया। जो जनता कभी पुलिस के पास जाने से डरती थी, वह उनके सामने बेबाक होकर अपनी बात रखती थी, क्षेत्र के लोगों ने खुले दिल से तारीफ करते हुए कहा कि भागमल सिंह का कार्यकाल पूरी तरह से भ्रष्टाचार मुक्त रहा। उन्होंने कभी किसी से एक पैसे का लेन-देन नहीं किया और हमेशा ईमानदारी से ड्यूटी निभाई।
थाने पर नए कप्तान की आमद और पुराने जांबाज अधिकारी की विदाई को लेकर दिनभर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। अब देखना यह होगा कि नवनियुक्त थानाध्यक्ष शशिकांत कनौजिया अपराध मुक्त विशुनगढ़ के अपने दावों पर कितना खरा उतरते हैं।
Author: Mohammed irfan













