Explore

Search

May 6, 2026 3:06 am

सामूहिक प्रयासों से महकी गौ सेवा; 19 गौशालाओं को मिला 851 कुंतल भूसा

अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ (कन्नौज)। बेसहारा पशुओं के संरक्षण और गौशालाओं में चारे की किल्लत दूर करने के लिए जनपद में एक अनूठी मिसाल पेश की गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर छिबरामऊ विकासखंड में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्राम प्रधानों के साझा सहयोग से कुल 851 कुंतल भूसा एकत्र कर 19 गौशालाओं में वितरित किया गया।
अभियान की नींव विकास खंड अधिकारी (BDO) दीपांकर आर्य द्वारा एक सप्ताह पूर्व ली गई बैठक में रखी गई थी। उन्होंने मानसून और आगामी समय को देखते हुए गौशालाओं में चारे का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूर्ति निरीक्षक सौरभ गुप्ता ने सक्रियता दिखाते हुए 50 कुंतल भूसा उपलब्ध कराया, जिससे अभियान को गति मिली।
गौ सेवा के इस पुनीत कार्य में ब्लॉक प्रमुख सुषमा पाल ने स्वयं 10 कुंतल भूसा दान कर अन्य लोगों को प्रेरित किया। वहीं, उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. नेम कुमार ने भी अपनी ओर से महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
ग्राम स्तर पर दानदाताओं की सूची लंबी रही। खुबरियापुर के ग्राम प्रधान बबलू बाथम ने सर्वाधिक 65 कुंतल भूसा दान कर मिसाल कायम की। इनके अलावा अजय राठौर (कैरदा), अवनीश कुमार (अरुआ राजा रामपुर), अनुज कुमार शाक्य (छिबरामऊ देहात), वंदना अग्निहोत्री (हरबल्लवपुर), आशीष कुमार (भोजपुर निगोह), पंकज (अंतपुर),साथ ही खोजीपुर, हरीनगर, सलेमपुर, रनधीरपुर, भरौली सिरकनेपुर, जमामर्दपुर, विविया जलालपुर, मिघौली, भगवंतपुर, भौराजपुर, कसावा और अल्हनापुर के ग्राम प्रधानों ने भी चारे की व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भूसा एकत्र कर गौशालाओं तक सुरक्षित पहुँचाने का जिम्मा पंचायत सचिवों ने बखूबी निभाया। पिकअप वाहनों के जरिए हुए इस परिवहन में विनीत और रत्नांजलि: 3-3 गाड़ी भूसा एवं मनोज यादव, सरद यादव, गौरी शंकर, प्रियांशु, आदित्य और संतोष: 2-2 गाड़ी भूसा एवं मनीषा, शिवम, नितेश, ललित कांत, योगेंद्र और कृष्ण कांत: 1-1 गाड़ी भूसा।
अधिकारियों और जनता के बीच के इस तालमेल की जिले भर में सराहना हो रही है। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि यह सामूहिक प्रयास न केवल पशुओं के लिए भोजन सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि समाज में गौ-संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता भी बढ़ा रहा है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर