अब्दुल्ला अख़्तर छिबरामऊ
छिबरामऊ (कन्नौज)।गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और गौ संरक्षण के संकल्प के साथ आज छिबरामऊ की सड़कों पर आस्था और आपसी भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत गौ सेवक रंजीत पांडेय ने पश्चिमी बाईपास से तहसील परिसर तक लगभग 3.5 किलोमीटर की दूरी कड़ी धूप में नंगे पैर तय की। इस पदयात्रा में हिंदू-मुस्लिम समाज के लोगों ने कंधे से कंधा मिलाकर हिस्सा लिया, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
साधु-संतों और मुस्लिम समाज का मिला साथ
सुबह 9:30 बजे शुरू हुई इस संकीर्तन रैली में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। गंगेश्वर नाथ मंदिर के महंत प्रेम गिरी जी महाराज ने गौ माता और नंदी बाबा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, मुस्लिम नेता कामरान उर्फ काजी ने अभियान का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि हम सब हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई भाई हैं और एकता के साथ इस नेक कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं।
पदयात्रा के दौरान कड़ी धूप और नंगे पैर चलने के कारण रंजीत पांडेय को काफी शारीरिक कष्ट हुआ, लेकिन उनकी संकल्प शक्ति कम नहीं हुई। तहसील पहुंचने पर वे भावुक होकर जमीन पर ही बैठ गए। एसडीएम ने स्वयं बाहर आकर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की गौशालाओं में कोई अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।
तहसील प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राज्यपाल को संबोधित 80-80 पन्नों की 5 फाइलें सौंपी गईं, ज्ञापन में 2100 से अधिक लोगों के नाम और संपर्क विवरण दर्ज हैं, गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करना और देशव्यापी गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौ सेवक कृष्णा पांडेय ने बताया कि इसी दिन देश की 5000 से अधिक तहसीलों में एक साथ ज्ञापन सौंपे गए हैं।
गौ सेवक रणजीत पांडे ने कहा गौ माता के प्रति आस्था ने मुझे शक्ति दी। हमारा उद्देश्य केवल ज्ञापन देना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को गौ सेवा से जोड़ना है।
इस दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट जितेंद्र श्रीवास्तव, कृष्ण अवतार गुप्ता, विवेक यादव, मुनीश तिवारी, ब्रजेश गुप्ता, मोनू चौहान, अंकित पांडेय, उत्कर्ष अवस्थी, अखिलेश पांडेय, अमित राठौर, गणेश शंकर चतुर्वेदी, कुबेर पंडित, भारत राम राठौर, महेश गिहार, पंजाबी कश्यप, जय पंडित, अंशुल राठौर, अयान, अजय गुप्ता सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।











