Explore

Search

May 31, 2026 7:06 am

स्टाफ नर्स ने लगाया साजिश का आरोप: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिए जांच के आदेश

अब्दुल्ला अख़्तर छिबरामऊ
छिबरामऊ: नगला दिलू स्थित सौ शैय्या अस्पताल में तैनात एक स्टाफ नर्स द्वारा विभाग के ही कुछ अधिकारियों और डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाने का मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पुलिस अधीक्षक (SP) कन्नौज को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।
पीड़ित स्टाफ नर्स कामिनी शाक्य ने उप मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि 23 दिसंबर 2025 को उनकी ड्यूटी ओटी में लगी थी। आरोप है कि उनकी जानकारी के बिना डॉक्टर विपिन सचान, दो अन्य स्टाफ नर्सों और बाहर से बुलाए गए एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर ऑपरेशन कर रहे थे। जब कामिनी ने बाहरी व्यक्ति की मौजूदगी का विरोध किया, तो उन्हें न केवल ड्यूटी से हटा दिया गया, बल्कि धमकियां भी दी गईं।
पीड़िता का कहना है कि उन्होंने इस अनियमितता की शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी। लेकिन न्याय मिलने के बजाय, पुलिस जांच की चार्जशीट में उन्हीं का नाम बतौर आरोपी शामिल कर दिया गया। कामिनी शाक्य ने आरोप लगाया है कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और विभागीय अधिकारी साजिश रचकर उन्हें नौकरी से हटवाने का प्रयास कर रहे हैं।
*डिप्टी सीएम का कड़ा रुख*
उप मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी पत्र के माध्यम से इस शिकायत को पुलिस अधीक्षक कन्नौज को अग्रसारित कर दिया गया है। पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
नर्स कामिनी शाक्य ने शासन से गुहार लगाई है कि चार्जशीट से उनका नाम फर्जी तरीके से शामिल किए जाने के कारण हटाया जाए, विभागीय अधिकारियों द्वारा किए जा रहे मानसिक उत्पीड़न को तत्काल रोका जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
अब सबकी नजरें कन्नौज पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं कि क्या एक स्वास्थ्यकर्मी को अपनी आवाज उठाने के बदले न्याय मिल पाएगा या नहीं।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर