Explore

Search

August 26, 2026 8:49 am

बंद मकान की खिड़की काट लाखों की चोरी, नकदी समेत जेवरात पार

छिबरामऊ (कन्नौज)। कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने मकान की खिड़की काटकर अंदर प्रवेश किया और नकदी सहित सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिश्तेदारी में गया था परिवार

जानकारी के अनुसार, पटेल नगर (बिशनपुर हासिल) निवासी पंकज कुमार पाठक पुत्र कौशलेश पाठक (मूल निवासी ग्राम हाथिन) अपने मकान में ताला लगाकर सपरिवार एक रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी बीच सूने मकान का फायदा उठाकर चोरों ने खिड़की काट दी और घर के अंदर दाखिल हो गए।

सुबह पड़ोसियों को हुई जानकारी

घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह पड़ोसियों ने मकान की खिड़की कटी हुई देखी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मकान मालिक पंकज पाठक को दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे मकान मालिक ने जब घर के अंदर सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित के मुताबिक, चोरों ने घर में रखे 75,000 रुपये नकद, दो सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर