इटावा, 09 नवम्बर। इटावा सफारी पार्क ने आज पर्यटकों के अनुभव को और भी समृद्ध बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव), उत्तर प्रदेश, श्रीमती अनुराधा वेमूरी ने अपने दौरे के दौरान आज यहां कई नई सुविधाओं का लोकार्पण किया, जिनमें पर्यटकों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित दो एसी बसें और एक रोमांचक लेपर्ड सफारी जोन शामिल है।
· एसी बसों की शुरुआत: श्रीमती वेमूरी ने हरी झंडी दिखाकर सफारी पार्क की दो नई एसी बसों को पर्यटकों की सेवा में रवाना किया। इससे अब आगंतुक और अधिक आरामदायक तरीके से सफारी का आनंद ले सकेंगे।
· लेपर्ड सफारी का शुभारंभ: सफारी पार्क में एक नए लेपर्ड (तेंदुए) सफारी जोन का भी शुभारंभ किया गया। इस जोन में वर्तमान में 05 शावकों सहित तेंदुओं के परिवार को पर्यटक देख सकेंगे, जो इस सफारी को और भी रोमांचक बना देगा।
· सोविनियर शॉप और मल्टीपरपज हॉल: इसके अलावा, ईको पर्यटन क्षेत्र में एक नई सोविनियर शॉप का उद्घाटन किया गया, जहां पर्यटक स्मृति चिन्ह खरीद सकेंगे। साथ ही, आवासीय क्षेत्र में निर्मित एक मल्टीपरपज हॉल भी जनता के लिए खोला गया।
शैक्षिक भ्रमण और सांस्कृतिक प्रस्तुति:
इस विशेष अवसर पर, इटावा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने एक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। छात्राओं ने सफारी पार्क का भ्रमण भी किया और उन्होंने श्रीमती वेमूरी के सामने अपने इस शैक्षिक और मनोरंजक अनुभव को साझा किया।
इस कार्यक्रम में सफारी पार्क के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल, डीएफओ इटावा श्री विकास नायक, सफारी पार्क के वन्यजीव चिकित्सक, जीवविज्ञानी, शिक्षा अधिकारी और समस्त स्टाक मौजूद रहे।
(डा० विनय कुमार सिंह)
उप निदेशक
इटावा सफारी पार्क, इटावा









