इटावा: जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक पुलिस लाइन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहार होली और ईद उल फितर को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की तैयारियों पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को त्योहारों से पहले साफ-सफाई, बिजली, पानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने की बात कही। साथ ही, सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों को रोकने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने थानाध्यक्षों को किसी भी अप्रिय घटना की आशंका पर तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, एसपी सिटी, एसपी क्राइम सहित अन्य अधिकारी और विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे त्योहारों को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं और प्रशासन की तैयारियों में सहयोग दें।









