इटावा अपना दल के संस्थापक यशस्वी डॉ. सोनेलाल पटेल का परिनिर्वाण दिवस सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत डॉ. सुधीर सविता के आवास पर जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार की अध्यक्षता में एक श्रद्धांजलि सभा के रूप में आयोजित किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. हरीशंकर पटेल समेत तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. हरीशंकर पटेल ने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल समाज के वंचितों, निर्धनों, असहायों और जरूरतमंदों के सच्चे मसीहा थे। कन्नौज निवासी होने के नाते उन्होंने सबसे पहले आलू किसानों की भंडारण समस्या की गहराई को समझा और क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था कराकर उसका समाधान किया। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा के प्रसार के लिए छोटे-बड़े स्कूलों के संचालन की पहल की और समाज को जागरूक करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने हमेशा गरीबों और पिछड़ों को राजनीति की मुख्यधारा से जोड़ने का गुरुमंत्र दिया।
डॉ. हरीशंकर पटेल ने आगे बताया कि 17 अक्टूबर 2009 को कानपुर में एक सड़क हादसे में उनका आकस्मिक निधन हो गया था, जिसके बाद उनकी सुपुत्री और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पार्टी की कमान संभालकर इसे नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उनके कुशल नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज अपना दल (एस) कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी जैसी पार्टियों को पछाड़कर उत्तर प्रदेश की तीसरे नंबर की पार्टी और निर्वाचन आयोग से मान्यता प्राप्त एक मजबूत राजनीतिक दल बन चुका है।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार ने सभी आगंतुक पदाधिकारियों का स्वागत किया। कोषाध्यक्ष अनुपम पटेल ने भी डॉ. सोनेलाल पटेल के साथ बिताए पुराने संस्मरणों को साझा करते हुए उनकी यादें ताजा कीं। इस अवसर पर अमित चौरसिया एडवोकेट, देव प्रताप सिंह एडवोकेट, डॉ. सुधीर सविता, विवेक तिवारी एडवोकेट, सुनील कुमार, बृजेश पोरवाल, पवन कुमार एडवोकेट, संदीप कुमार, राजेश पोरवाल, अनिल कुमार एडवोकेट, निखिल सविता और सिद्धार्थ कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Author: Mohammed irfan













