अब्दुल्ला अख़्तर छिबरामऊ
समाजवादी व्यापार सभा की बैठक में नगर के डिवाइडरों और सड़क चौड़ीकरण का मुद्दा उठा, एसडीएम को ज्ञापन देने का निर्णय
छिबरामऊ: समाजवादी व्यापार सभा की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को व्यापार सभा जिला अध्यक्ष प्रियतेश सिंह तोमर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में बढ़ती महंगाई, घरेलू गैस की कीमतों में उछाल और बिजली बिलों में हो रही कथित ‘लूट’ को लेकर कार्यकर्ताओं ने कड़ा रोष व्यक्त किया।
बैठक को संबोधित करते हुए व्यापार सभा जिला अध्यक्ष प्रियतेश सिंह तोमर ने कहा कि वर्तमान समय में आम जनता महंगाई से त्रस्त है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि समाजवादी सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुँचाया जाए। उन्होंने कहा, “सपा शासन में किसान, व्यापारी और युवाओं के लिए जो ऐतिहासिक कार्य हुए थे, जनता आज भी उन्हें याद कर रही है।”
नगर क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रियतेश सिंह ने कहा कि सड़कों पर बने दोषपूर्ण डिवाइडरों के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू नहीं हुआ और डिवाइडरों की समस्या का समाधान नहीं निकाला गया, तो व्यापार सभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपेंगे और आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी की भारी बहुमत से सरकार बनाकर अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाना ही संगठन का मुख्य लक्ष्य है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से गोविंद यादव, अरविंद गुप्ता, अवनीश गुप्ता, दीपक वर्मा, रामकुमार, सोनू, प्रदीप सहित भारी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लेटेस्ट न्यूज़

महंगाई और बिजली बिलों में लूट के खिलाफ गरजे सपाई, सड़क हादसों पर दी आंदोलन की चेतावनी










