अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ (कन्नौज): ग्राम रामखेड़ा में शुक्रवार को ‘भारतीय किसान यूनियन भानु’ (प्रतिनिधि मंडल) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रीय संगठन मंत्री अमन यादव और राष्ट्रीय सचिव आरपी ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस पंचायत में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में किसानों ने प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड में न बदले जाने पर नाराजगी जताई और पुराने मीटरों को ही बहाल करने की मांग की। साथ ही, यूरिया की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था को अव्यावहारिक बताते हुए किसानों ने कहा कि तकनीकी जानकारी के अभाव में उन्हें खाद मिलने में कठिनाई हो रही है। वक्ताओं ने मांग की कि खेती के रकबे के आधार पर खाद की सहज उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
संगठन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह की उस मांग को दोहराया जिसमें किसानों का कर्ज माफ करने और एक ‘स्वतंत्र किसान आयोग’ के गठन की बात कही गई है, ताकि किसान अपनी फसल का मूल्य स्वयं निर्धारित कर सकें।
इस अवसर पर संगठन की मजबूती के लिए कई पदाधिकारियों की घोषणा की गई जिनमे हिंमाशु यादव तहसील अध्यक्ष (युवा मोर्चा), सुरेंद्र फौजी ग्राम अध्यक्ष (रामखेड़ा), जयप्रकाश तहसील सचिव, रणवीर सिंह यादव व जगमोहन सिंह जिला सदस्य
इसके साथ ही अरविंद यादव, कुबेर, प्रदीप, महाराम और भूरे सिंह को भी विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नेताओं ने चेतावनी दी कि संगठन के नाम का दुरुपयोग कर छवि खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रशासन को ज्ञापन देकर सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
बैठक में कानपुर मंडल अध्यक्ष अमित कुमार राजपूत, चिंटू राठौर, विनय गुप्ता, अरशद खान, आलोक यादव सहित दर्जनों पदाधिकारी व किसान मौजूद रहे।
लेटेस्ट न्यूज़

किसान आयोग गठन और स्मार्ट मीटर के विरोध में हुंकार, रामखेड़ा में जुटी किसानों की पंचायत










