इटावा, 20 मार्च 2026 – जिले में एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति को सुचारु एवं पारदर्शी बनाने के लिए आज कलेक्ट्रेट सभागार में उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों, गैस एजेंसियों और तेल कंपनियों (HPCL, BPCL, IOC, टोरंट गैस) के प्रतिनिधि शामिल हुए।

अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और मीडिया में आ रही अफवाहों को देखते हुए प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में ईंधन की कोई कमी नहीं है, फिर भी किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पर्याप्त स्टॉक, सख्त निगरानी
जनपद में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। किसी भी दशा में अधिक मूल्य पर बिक्री, जमाखोरी या कालाबाजारी न हो, इसकी जिम्मेदारी एजेंसियों की होगी।
· सीसीटीवी अनिवार्य, कर्मचारियों का सत्यापन जरूरी
एसएसपी ने सभी पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि: सभी कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाए। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से चालू रखें। फायर स्टेशन और पुलिस के इमरजेंसी नंबर स्पष्ट रूप से चस्पा किए जाएं।
बोतल में पेट्रोल-डीजल बेचना प्रतिबंधित
किसी भी दशा में बोतल या अन्य कंटेनर में पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री नहीं की जाएगी। यह सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है।
घरेलू गैस को प्राथमिकता
घरेलू गैस सिलेंडरों की बिक्री केवल ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर और नियमानुसार की जाए। किसी भी गैस एजेंसी की अवैध बिक्री या भंडारण में संलिप्तता पाए जाने पर उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
पाइपलाइन व सिलेंडर, दोनों नहीं
डीएम ने गैस कंपनियों के सेल्स ऑफिसर और एजीएल (टोरंट गैस) को निर्देश दिया कि ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तैयार करें, जिनके पास गैस कनेक्शन और पाइप लाइन दोनों हैं। ऐसे मामलों में पाइप लाइन से ही आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए सिलेंडर बुकिंग को अस्थायी रूप से रोका जाए।
हॉकर्स और स्टाफ पर विशेष नजर
गैस एजेंसियों के प्रोपराइटर्स को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे सुनिश्चित करें कि जिस ग्राहक के नाम से गैस निर्गत की गई है, उसे ही डिलीवरी हो रही है। स्टाफ और हॉकर्स पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
भीड़भाड़ की स्थिति में तुरंत करें मदद लें
यदि किसी पंप या एजेंसी पर अप्रत्याशित भीड़ हो, तो तुरंत UP 112 या स्थानीय पुलिस से संपर्क करें।
प्रशासन का संदेश:
“जनपद में ईंधन की कोई कमी नहीं है। अफवाहों से बचें और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।”
#इटावा #DMEtawah #SSPEtawah #LPG #PetrolSupply #PublicSafety #SternAction











