*युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, हत्या की आशंका*
छिबरामऊ (कन्नौज): तहसील क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार शाम एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या कर शव ठिकाने लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी सत्यवान के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार सुबह गांव के ही कुछ युवक सत्यवान को खेती के काम में मदद के बहाने अपने साथ बुलाकर ले गए थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा।
शुक्रवार शाम करीब 5 बजे स्थानीय ग्रामीणों ने टीका नगला गांव के बाहर एक युवक को बेसुध पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि सत्यवान की हत्या की गई है और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को गांव के बाहर फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने परिजनों के शक के आधार पर गांव के तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच कर रही है।











