Explore

Search

April 14, 2026 8:50 pm

मतदान ही लोकतंत्र की धुरी: इटावा में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर न्याय एवं समानता का हुआ आह्वान, वरिष्ठ व नव मतदाताओं को मिला सम्मान

इटावा, 25 जनवरी, 2026: जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में आज विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में लोकतंत्र में नागरिकों के दायित्व, सूचित मतदान और जागरूकता पर ज़ोर दिया गया।

 

जिलाधिकारी शुक्ल ने अपने उद्बोधन में कहा कि लोकतंत्र हमारे कल्याण के लिए है और इसमें समानता एवं न्याय का होना आवश्यक है। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हमें कठोर परिश्रम करना होगा और अपने दायित्व का निर्वहन अवश्य करना चाहिए। किसी भी शक्ति की सकारात्मकता जागरूक मतदाताओं पर निर्भर करती है। मतदान से पहले यह मूल्यांकन ज़रूर करें कि जिसे हम वोट देने जा रहे हैं, उसकी कार्यक्षमता का स्तर क्या है।”

 

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी उपस्थित मतदाताओं को निष्पक्ष मतदान की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने गीत, नाटक और नुक्कड़ नाटक के ज़रिए सभी पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया।

 

इस दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु के दो वरिष्ठ मतदाताओं, दो दिव्यांग मतदाताओं और 18 वर्ष पूरे कर चुके पाँच नव मतदाताओं को जिलाधिकारी महोदय ने सम्मानित किया, जिससे उनके सक्रिय नागरिक भागीदारी की भावना को प्रोत्साहन मिला।

 

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, तहसीलदार सदर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर