जसवंत नगर। शनिवार सुबह भोगनीपुर गंग नहर में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। 22 वर्षीय अमन पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम टकपुरा ने नहर में कूदकर जान देने की कोशिश की, जिसके बाद से वह लापता है। अमन के भाई शिवम ने बताया कि जनवरी 2025 में फर्रुखाबाद से शादी के बाद से ही अमन मानसिक तनाव में रहने लगा था। रोज़ाना की तरह शनिवार सुबह भी अमन नहर के किनारे टहलने गया, लेकिन इस बार उसने दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर बने पुल से छलांग लगा दी।
घटना सुबह करीब 9:45 बजे की बताई जा रही है, जिसे सड़क किनारे मक्का सुखा रहे किसानों ने देखा और तुरंत परिजनों व 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन, गांव के लोग और पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ आयुषी सिंह और थानाप्रभारी रामसहाय सिंह भी फायर ब्रिगेड टीम व गोताखोरों के साथ पहुंचे और युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू करवाया। समाचार लिखे जाने तक अमन का पता नहीं चल पाया था और एनडीआरएफ की टीम को भी बुला लिया गया है।
अमन के डूबने की खबर से उसके घर में कोहराम मच गया। मां मधु देवी और पत्नी कीर्ति का रो-रोकर बुरा हाल है। अमन तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी एक छोटी बहन प्रियंका भी है। अचानक घटी इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और सभी लोग अमन के सुरक्षित मिलने की दुआ कर रहे हैं।
फोटो:-नहर किनारे सीओ आयुषी सिंह व निरीक्षक रामसहाय सिंह जुटी भीड़।











